स्पोर्टस्टार एसेस अवार्ड्स 2026′ में बिहार बना देश का सर्वश्रेष्ठ खेल राज्य

पटना: बिहार के खेल परिदृश्य में आज एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। खेल के क्षेत्र में देश की सबसे प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में से एक, स्पोर्टस्टार (द हिंदू ग्रुप) द्वारा मुंबई में आयोजित एक भव्य समारोह में बिहार को ‘बेस्ट स्टेट फॉर द प्रमोशन ऑफ स्पोर्ट्स’ के पुरस्कार से नवाजा गया। भारतीय खेल जगत के दिग्गजों और प्रमुख हितधारकों की मौजूदगी में यह सम्मान बिहार की खेल क्रांति पर राष्ट्रीय मुहर लगाता है।

सम्मान ग्रहण और राष्ट्रीय पहचान

बिहार सरकार की ओर से यह प्रतिष्ठित पुरस्कार खेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्रेयसी सिंह और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (बासा) के महानिदेशक रविन्द्रन शंकरन ने संयुक्त रूप से ग्रहण किया। समारोह में भारतीय खेल जगत की तमाम बड़ी हस्तियों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि बिहार अब खेल के क्षेत्र में एक नई शक्ति के रूप में उभर रहा है।

क्यों मिला बिहार को यह पुरस्कार?

स्पोर्टस्टार द्वारा बिहार का चयन राज्य सरकार के उन विजनरी प्रयासों के लिए किया गया है, जिसने पिछले कुछ वर्षों में बिहार की छवि बदली है:

  • जमीनी स्तर पर प्रतिभा की खोज: राज्य ने पंचायत, प्रखण्ड और जिला स्तर पर प्रतिभा खोज कार्यक्रमों के जरिए दूर-दराज के मेधावी खिलाड़ियों को मुख्यधारा से जोड़ा है।
  • अवसंरचना (इन्‍फ्रास्‍टक्‍चर ) में निवेश: आधुनिक स्टेडियम, खेल अकादमियों और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण केंद्रों के निर्माण ने राज्य में एक सुदृढ़ खेल परिवेश तैयार किया है।
  • खिलाड़ी कल्याण योजनाएं: ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ जैसी नीतियों और खिलाड़ियों को मिलने वाली वित्तीय सहायता ने युवाओं के बीच खेलों को करियर के रूप में चुनने का भरोसा पैदा किया है।

स्पोर्टस्टार अवार्ड्स: उत्कृष्टता का पैमाना

“द हिंदू ग्रुप” द्वारा दिए जाने वाले स्पोर्टस्टार अवार्ड्स को भारतीय खेल जगत में उत्कृष्टता का सर्वोच्च मानक माना जाता है। बिहार को यह सम्मान मिलना इस बात का संकेत है कि राज्य अब केवल खिलाड़ियों की आपूर्ति करने वाला प्रदेश नहीं, बल्कि उन्हें विश्वस्तरीय मंच प्रदान करने वाला एक व्यवस्थित ‘स्पोर्ट्स हब’ बन चुका है।

“यह पुरस्कार बिहार के उन हजारों युवाओं के परिश्रम और मुख्यमंत्री के विजन की जीत है, जो अभावों के बावजूद मैदान पर पसीना बहाते हैं।” — समारोह के दौरान मिली प्रतिक्रिया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here