बड़ी कार्रवाई: निगरानी ब्यूरो ने भागलपुर में भी स्टेनो और लिपिक को 70 हजार लेते दबोचा, एक ही दिन में तीन गिरफ्तार
पटना/वैशाली/भागलपुर: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है। ब्यूरो की टीम ने वैशाली जिले के पातेपुर थाने में तैनात एक पुलिस अवर निरीक्षक (SI) को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अन्य कार्रवाई में भागलपुर से दो कर्मियों को भी घूस लेते पकड़ा गया है।

पातेपुर में जाल बिछाकर धरा गया दारोगा
निगरानी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, वैशाली जिले के पातेपुर थाने में तैनात पु०अ०नि० अखिलेश कुमार सिंह को 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए थाना परिसर से ही गिरफ्तार किया गया।
क्या है पूरा मामला? परिवादी चंदन कुमार (पिता स्व. बहादुर पासवान) ने निगरानी ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि दारोगा अखिलेश कुमार सिंह केस डायरी में मदद करने और अभियुक्त का नाम निकालने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत के सत्यापन के बाद पुलिस उपाधीक्षक सतेन्द्र राम के नेतृत्व में एक धावा दल का गठन किया गया, जिसने सोमवार को जाल बिछाकर दारोगा को रंगे हाथों धर दबोचा।
भागलपुर में स्टेनो और क्लर्क पर भी गिरी गाज
निगरानी की दूसरी टीम ने भागलपुर जिले में बड़ी सफलता हासिल की। सदर अनुमंडल कार्यालय में तैनात स्टेनो प्रेम कुमार और लिपिक मयंक कुमार को 70,000 रुपये की भारी-भरकम रिश्वत लेते हुए उनके कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार किया गया।
इन दोनों पर आरोप था कि इन्होंने परिवादी अभिजीत कुमार (प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, नाथनगर) से उनकी सेवा संपुष्टि संबंधी फाइल को आगे विभाग में भेजने के बदले रिश्वत मांगी थी। डीएसपी विन्ध्याचल प्रसाद के नेतृत्व वाली टीम ने यह गिरफ्तारी सुनिश्चित की।
2026 में अब तक 29 आरोपी गिरफ्तार
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक कुल 37 प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं। भ्रष्टाचार के विरुद्ध इस अभियान में अब तक कुल 29 अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से 10,29,000 रुपये की बरामदगी की गई है।
निगरानी की अपील: ब्यूरो ने जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत निगरानी के हेल्पलाइन नंबरों 0612-2215344 या व्हाट्सएप नंबर 9473494167 पर शिकायत दर्ज कराएं।



